कानपुर देहात। पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने थाना अकबरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक और भोजनालय समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखों और रजिस्टरों के सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव के निर्देश दिए।
डीआईजी ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और अभियोगों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावी गश्त और चेकिंग बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
उन्होंने थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया। पुलिस कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आमजन से शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डीआईजी ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों से संवाद किया। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं तत्काल पुलिस को देने तथा बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। इस दौरान ग्राम चौकीदारों को साफा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सिकंदरा/लाइन्स सौरभ कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











