23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना

 

आचार संहिता के अनुपालन को लेकर निगरानी टीमें सक्रिय, जालौन में 20,999 मतदाता करेंगे मतदान – जिला निर्वाचन आयोग

जालौन। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने बताया कि प्रयागराज-झांसी शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। आज नामांकन की अंतिम तिथि है। नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान तथा 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना कराई जाएगी। इस निर्वाचन के निर्वाचन अधिकारी मंडलायुक्त झांसी हैं। उन्होंने बताया कि जनपद जालौन में निर्वाचन के लिए कुल 20,999 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए जनपद में 33 मतदेय स्थल एवं 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जनपद में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) सहित विभिन्न निगरानी तंत्र सक्रिय हैं। आचार संहिता के पालन पर नजर रखने के लिए संबंधित टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। इसके साथ ही वीडियो सर्विलांस एवं वीडियो वॉचिंग टीमें भी सक्रिय हैं, जो निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्क्रूटनी और नाम वापसी की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की औपचारिक अंतिम सूची स्पष्ट होगी। इसके उपरांत निर्वाचन से संबंधित मतदाता सूची अथवा अन्य किसी विषय को लेकर शिकायत प्राप्त होती है तो निर्वाचन कार्यालय द्वारा नियमानुसार उसका परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर संबंधित प्रत्याशी को नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं निगरानी टीमों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें