सेवा सेतु शिविर में एक छत के नीचे मिली योजनाओं की जानकारी

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को अकबरपुर ब्लाक परिसर में सेवा सेतु अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं अकबरपुर-रनिया की सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने सहभागिता कर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समूह की बहनों को चित्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ब्लाक प्रमुख आशीष मिश्रा के साथ ब्लाक परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में आवास, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण, चिकित्सा, कृषि, विद्युत, राजस्व, खाद्य एवं रसद सहित कई विभागों के स्टाल लगाए गए। इन स्टालों पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री के जन्मदिन को इस तरह व्यापक स्तर पर जनसेवा से जोड़कर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जहां कुछ लोग अपना जन्मदिन विदेश जाकर मनाते थे तो कुछ लोग सैफई महोत्सव में नाच-गाने के आयोजन करते थे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन को करोड़ों देशवासियों की सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित कर रहे हैं। उनके जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को तुरंत और प्राथमिकता के आधार पर दिलाने का अवसर इस शिविर के माध्यम से मिल रहा है। सेवा सेतु के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और पात्र होने पर उनका लाभ प्राप्त करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें