पुखरायां में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 1076 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत 30 निजी कंपनियों ने लिया भाग

 कैबिनेट मंत्री ने किया रोजगार मेले का उद्घाटन

कानपुर देहात।सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय, पुखरायां में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
मेले में जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से कुल 2136 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 1076 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा प्राथमिक रूप से चयन किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी तथा रोजगारपरक योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक प्रकाश द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार सिंह, प्रवक्ता पर्वत सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से वरिष्ठ सहायक राम किशोर सोनकर, कनिष्ठ सहायक पुनीत तिवारी तथा अजय, आकाश एवं रिशू सहित अन्य कार्मिकों ने रोजगार मेले के संचालन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, जिससे अधिकाधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त हो सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें