जालौन। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों एवं अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात के निर्गत निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में व पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में “Meet & Greet” विशेष अभियान के अंतर्गत रोडवेज बस, स्लीपर एवं एसी बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह व एसओ आटा अभिलाष मिश्रा मय टीम के साथ टोल प्लाजा उसाका आटा पर रोडवेज़ एवं स्लीपर बसों की सघन चेकिंग की गयी। चेकिंग के दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), आपातकालीन सुरक्षा उपकरण एवं अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गयी। साथ ही बसों के रात्रिकालीन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया गया। विशेष रूप से महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चियों से महिला पुलिस के द्वारा संवाद कर यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुविधा होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने हेतु जागरूक किया गया।यातायात पुलिस जालौन द्वारा बस संचालकों एवं चालकों को निर्धारित यातायात एवं सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने हेतु निर्देशित किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।यातायात पुलिस जनपद जालौन द्वारा यात्री सुरक्षा, विशेषकर महिला, वृद्ध व बच्चों की सुरक्षा तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।













