कानपुर देहात। मुगल रोड पर गुरुवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मदियापुर गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान राजपुर कस्बे की नई बस्ती निवासी आसिफ खान (25) के रूप में हुई है।
आसिफ जलालपुर गांव में मुगल रोड किनारे जनरल स्टोर चलाता था। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। मदियापुर गांव के सामने शाहजहांपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आसिफ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
मृतक के चचेरे भाई जावेद ने बताया कि आसिफ परिवार का सहारा था। कुछ वर्ष पहले उसके चाचा इसरार खां की भी उरई में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। वहीं, आसिफ के बड़े भाई की भी कुछ समय पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
राजपुर प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश की जाएगी।
संवाददाता — साहिल कटियार















