सिकंदरा। तहसील सिकंदरा में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित मामलों में संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जाकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण निस्तारण हो सके।
इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।












