आईआईटी कानपुर और कानपुर देहात पुलिस के बीच एमओयू

महिला सुरक्षा को लेकर कानपुर देहात पुलिस और आईआईटी कानपुर के बीच एमओयू

युवा-युवतियों के घर छोड़ने के कारणों का होगा अध्ययन, प्रशिक्षण और काउंसलिंग पर रहेगा जोर

कानपुर देहात। महिला सुरक्षा एवं सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस, आईआईटी कानपुर और क्यूट ब्रेन्स स्टार्टअप के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक झांसी रेंज आकाश कुलहरी, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद सहित कानपुर जोन के सभी पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
एमओयू आईआईटी कानपुर के उप निदेशक प्रो. ब्रज भूषण, डीन आरएंडडी प्रो. जे. जी. राव तथा कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की सहभागिता में संपन्न हुआ। यह पहल आईआईटी कानपुर के उप निदेशक एवं प्रोफेसर डॉ. ब्रज भूषण के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाई जा रही है।
परियोजना के पहले चरण में जनवरी 2026 से स्व-प्रशासित प्रश्नावली के माध्यम से 15 प्रमुख प्रश्नों के आधार पर रैंडम सैंपलिंग करते हुए 284 आंकड़े एकत्र किए गए। इसमें युवा और युवतियों के घर छोड़कर जाने के पीछे के विभिन्न कारणों का अध्ययन किया गया।
एकत्र आंकड़ों के विश्लेषण के बाद आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों ने व्यावहारिक परिदृश्य तैयार किया। अध्ययन में तीन प्रमुख क्लस्टर सामने आए हैं। इसके साथ ही भौगोलिक और मनोसामाजिक विश्लेषण भी किया जा रहा है। प्राथमिक अध्ययन के आधार पर प्रस्तावित हस्तक्षेप और आयु वर्ग के अनुसार कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इस पहल के तहत आईआईटी कानपुर, क्यूट ब्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड और कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए प्रशिक्षण, मेंटरिंग, काउंसलिंग और स्किलिंग जैसे सामाजिक हस्तक्षेप किए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिला सुरक्षा को मजबूत करने के साथ सामुदायिक पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें