ऑपरेशन मुस्कान के तहत छह वर्षीय लापता बालिका सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
भोगनीपुर, कानपुर देहात। ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना भोगनीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता छह वर्षीय बालिका को कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2026 को करीब शाम 6:30 बजे ग्राम अकोढ़ी निवासी सलमान खाँ ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी छह वर्षीय पुत्री इनायत, पुखरायां के कल्ला रोड स्थित हमराज मैरिज गार्डन से लापता हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुखरायां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बालिका की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में बालिका का फोटो दिखाकर स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई और संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस के त्वरित प्रयासों के चलते बालिका इनायत हरदुआ पुल के पास सड़क किनारे सकुशल मिल गई। पूछताछ में बालिका ने अपना नाम इनायत और पिता का नाम सलमान खाँ बताया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।















