कानपुर देहात। पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में कानपुर देहात पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार को 9 थानों में ई-मालखाना द्वितीय फेज का भव्य उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद की भी उपस्थिति रही। पूरी डिजिटल पहल पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
ई-मालखाना के प्रथम फेज में जनपद के 7 थानों—अकबरपुर, रुरा, शिवली, मूसानगर, देवराहट, डेरापुर और मंगलपुर—में यह व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है। द्वितीय फेज में अमराहट, गजनेर, बरौर, भोगनीपुर, रसूलाबाद, राजपुर, सट्टी, सिकंदरा और रनियां थानों को शामिल किया गया है।
द्वितीय फेज के तहत इन 9 थानों में कुल 4,477 मालों को डिजिटल रूप से दर्ज और व्यवस्थित किया गया है। इनमें 3,756 माल मुकदमाती, 19 कुर्की के माल, 14 जामा तलाशी, 50 लावारिस और 638 अन्य श्रेणी के माल शामिल हैं।
ई-मालखाना प्रणाली में मालों को वर्षवार और अलग-अलग रैक में व्यवस्थित किया गया है। सॉफ्टवेयर में अपराध या केस नंबर डालकर माल की रैक लोकेशन तुरंत पता की जा सकती है। वहीं क्यूआर कोड स्कैन करने पर माल का प्रकार, मुकदमा अपराध संख्या, विवेचक का नाम और जप्ती से संबंधित जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाती है।
माल मुकदमाती को कैश, सोना-चांदी, प्राचीन वस्तुएं, शस्त्र, एनडीपीएस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसी अलग-अलग श्रेणियों में व्यवस्थित किया गया है। पुलिस के मुताबिक डिजिटल मालखाना व्यवस्था से मुकदमों से संबंधित माल के रख-रखाव, खोज, निगरानी और न्यायालय में समयबद्ध साक्ष्य प्रस्तुत करने में काफी सुविधा मिलेगी।















