कानपुर देहात। मैथा, रूरा, रनिया एवं अकबरपुर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं अकबरपुर रनिया विधायक प्रतिभा शुक्ला ने सर्किट हाउस माती में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप विद्युत व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से विद्युत संबंधी समस्याओं की जानकारी लगातार मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो और उपभोक्ताओं को समय से राहत मिले, इसके लिए विभागीय अधिकारी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर की क्षमता, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं तथा उनके समाधान को लेकर भी चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री प्रतिनिधि बउवा पांडेय मुख्य अभियंता संदीप गुप्ता, अधीक्षण अभियंता मनीष गुप्ता, अधिशासी अभियंता रनिया ब्रजेश कुमार, सहायक अभियंता रूरा एवं रनिया विवेक पांडेय, विकास सोनी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।









