कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात ने श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार के अवसर पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंगलपुर क्षेत्र के मिंडाकुआ तिराहा, रूरा क्षेत्र के बनीपारा और रसूलाबाद स्थित बाबा धर्मगढ़ मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात, बैरिकेडिंग, पार्किंग और पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था परखी गई। बाबा धर्मगढ़ मंदिर में पुलिस अधीक्षक ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।









