ग्राम रंगोली में पुल निर्माण कार्य का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

 

ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता, अस्थायी पक्के डायवर्जन का निर्माण तेजी से शुरू

जालौन। ग्राम रंगोली में मलंगा नाला पर निर्माणाधीन पुल का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि मलंगा नाला पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हाल में हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का प्रवाह बढ़ने से आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को प्रभावित किए बिना आवागमन की सुविधा बहाल करने के लिए पाइप डालकर पक्का अस्थायी डायवर्जन तैयार किया जाए। उनके निर्देशों के अनुपालन में मौके पर डायवर्जन का कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया है। अधिशासी अभियंता द्वारा पूरी टीम, मशीनरी एवं आवश्यक मानव संसाधन लगाकर कार्य को तेजी से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। ग्रामीणों ने स्थायी रूप से पुल का निर्माण पूर्ण होने की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने देने तथा कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि अस्थायी पक्के डायवर्जन का निर्माण दो से तीन दिन में पूरा कर आवागमन सुचारु करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय में डायवर्जन तैयार कर ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे ग्रामीणों की तत्काल समस्या का समाधान होने के साथ ही पुल का मूल निर्माण कार्य भी निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें