कानपुर देहात। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए कानपुर देहात में भारी वाहनों के आवागमन को लेकर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था 23 अगस्त 2026 की रात 8 बजे से 24 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
कानपुर नगर के चौबेपुर से शिवली की ओर आने वाले भारी वाहन चौबेपुर, कल्याणपुर, पनकी होते हुए NH-19 से बाराजोड़ होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं कल्याणपुर से शिवली-मैथा की ओर आने वाले भारी वाहनों को टिकरा से मोड़कर सचेंडी होते हुए NH-19 से भेजा जाएगा। सचेंडी से मैथा की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अरौल से रसूलाबाद, बिल्हौर से रसूलाबाद तथा कन्नौज-औरैया से याकूबपुर तिराहा होते हुए रसूलाबाद की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जालौन से भोगनीपुर की ओर आने वाले ऐसे भारी वाहन जिन्हें कानपुर नगर की तरफ जाना है, उन्हें भोगनीपुर चौराहे से दाहिने मुड़कर घाटमपुर के रास्ते भेजा जाएगा।
इसके अलावा अकबरपुर-रूरा, बिरहाना (सिकंदरा)-झींझक तथा रनियां-मैथा मार्गों पर भारी वाहनों का रात्रिकालीन आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर दिन में भी निर्धारित समय के अनुसार पहले से प्रतिबंध लागू हैं।
पुलिस ने पत्रकारों, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन से यातायात निर्देशों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी असुविधा की स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम के 9454417452 एवं 8707083336 नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है।
पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर चल रही एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने की अपील की है।









