विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर टाउन हॉल में लगी विशेष चित्र प्रदर्शनी, किया अवलोकन
जालौन। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर टाउन हॉल में विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और बलिदान की स्मृतियों को संरक्षित करते हुए वर्तमान और भावी पीढ़ी को उस दौर की त्रासदी से परिचित कराना रहा।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने टाउन हॉल पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़े दुर्लभ छायाचित्रों, मानचित्रों, समाचार पत्रों की कतरनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुभवों पर आधारित विभिन्न पैनलों को प्रदर्शित किया गया। इन चित्रों और अभिलेखों के माध्यम से विभाजन के समय लोगों के उजड़ते घरों, बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। सदर विधायक ने कहा कि विभाजन का इतिहास केवल आंकड़ों और दस्तावेजों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन लाखों परिवारों के संघर्ष और पीड़ा की गाथा है, जिन्होंने अपने घर, जमीन और अपनों को खोया। विभाजन की त्रासदी हमें यह सीख देती है कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखना ही उन सभी लोगों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने उस कठिन दौर में अपार पीड़ा झेली।
माधौगढ़ विधायक ने कहा कि युवाओं से आह्वान किया कि वे इतिहास के इस अध्याय को समझें, उससे सीख लें और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को इतिहास की वास्तविक घटनाओं से जोड़ने के साथ ही आपसी प्रेम, सद्भाव और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती हैं।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे लोगों ने विभिन्न चित्रों एवं पैनलों के माध्यम से विभाजन के दौर की परिस्थितियों को जाना और देश की एकता एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश ग्रहण किया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद आदि सहित संबंधित अधिकारी जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।









