डीएम-एसपी ने आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना का किया निरीक्षण

 

विद्यार्थियों से संवाद कर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, बबीना का निरीक्षण कर पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, भोजन, स्वच्छता एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए विज्ञान, भूगोल, गणित एवं अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों से प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति को परखा। प्रधानाचार्य द्वारा गणित, अंग्रेजी एवं जीव विज्ञान विषय के शिक्षकों के नवीनीकरण संबंधी प्रक्रिया के कारण नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा गणित विषय के विद्यार्थियों के लिए शिक्षक की उपलब्धता प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यायाम शिक्षक को विद्यार्थियों को नियमित पीटी, व्यायाम एवं खेलकूद कराने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी कालपी एवं खंड विकास अधिकारी को सप्ताह में कम से कम एक दिन विद्यालय का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद करने तथा शिक्षण व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए। नवीन भवन का हस्तांतरण लंबित होने पर मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्था से समन्वय कर एक सप्ताह में हस्तांतरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पुराने जीर्ण-शीर्ण छात्रावास भवन का नियमानुसार परीक्षण कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों के खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय में पाई गई कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें