डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज पिंडारी का किया औचक निरीक्षण

 

छात्राओं से संवाद कर परखी शैक्षिक गुणवत्ता, गणित व अंग्रेजी पढ़ाकर लिया शिक्षण स्तर का जायजा

 जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज, पिंडारी का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षिक, आवासीय एवं खान-पान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कक्षा-कक्ष में पहुंचकर छात्राओं के पठन-पाठन के स्तर को परखा और स्वयं गणित एवं अंग्रेजी विषय पढ़ाकर उनकी शैक्षिक दक्षता का आकलन किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, कठिन विषयों पर शिक्षकों से संवाद करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही उद्देश्य नहीं, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वास्थ्य जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास भी सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय इंटर कॉलेजों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर तत्काल आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाए।जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परिसर में छात्राओं के लिए स्थापित ओपन जिम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन व्यायाम एवं खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का समग्र निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो और विद्यालय में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन तथा खेलकूद की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित होती रहें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिनव यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी आदि सहित सम्बंधित अधिकारी व अध्यापिकाएं मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें