कानपुर देहात के थाना सट्टी क्षेत्र में निर्माणाधीन फैक्ट्री में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सट्टी पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करनवीर सिंह और अजीत सिंह को रूरगांव ढिकची मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत का एक इन्वर्टर और तीन बैट्री बरामद हुई हैं। चोरी की वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी पुलिस ने बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक साथी अंशु के साथ मिलकर 29 जुलाई की रात कुंवरपुर स्थित निर्माणाधीन VNU ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि ऑटो की किस्त और कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने चोरी की थी।
पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी अंशु का नाम भी प्रकाश में आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।









