कानपुर देहात। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाना शिवली क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों और जागेश्वर धाम मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने मैथा नहर पुल, रूरा-शिवली नहर पुल, भेवान चौराहा समेत अन्य प्रमुख मार्गों और चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ यात्रियों के आवागमन, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जागेश्वर धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने और महिलाओं व बुजुर्गों की विशेष सहायता के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।









