
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त) चारू चौधरी के जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
उपाध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति में अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। संवाद कार्यक्रम के दौरान चारू चौधरी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास का महत्व बताया। उन्होंने बालिकाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि आज के युग में बेटियों के लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प एवं सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद भी अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना की जानकारी देते हुए छात्राओं को इसका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचार “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इसके उपरांत माननीय उपाध्यक्ष ने विद्यालय की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा प्राथमिक विद्यालय द्वितीय, अकबरपुर का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र समय से पूर्व बंद पाया गया। साथ ही विद्यालय की उपस्थिति पंजिका एवं वास्तविक रूप से उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या में अंतर पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार लाने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाध्यापिका को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात सर्किट हाउस, माती के सभागार में उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों के कुल 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा, संरक्षण एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जनपद भ्रमण के दौरान माननीय उपाध्यक्ष ने वृद्धाश्रम रनियां का निरीक्षण कर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक एवं कार्यक्रमों में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर, थानाध्यक्ष महिला थाना, जिला प्रोबेशन कार्यालय के सेंटर मैनेजर, जिला मिशन समन्वयक, जेंडर स्पेशलिस्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए।














