गंभीर प्रकृति के वादों में प्रभावी पैरवी एवं शत-प्रतिशत गवाही सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय की उपस्थिति में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंभीर प्रकृति के वादों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत गवाही कराए जाने, दोषमुक्त मामलों में नियमानुसार अपील की कार्रवाई करने तथा स्पीड ट्रायल से संबंधित मामलों में अपेक्षित प्रगति लाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियोजन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर मामलों में प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए अभियोजन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। साथ ही, लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए स्पीड ट्रायल से संबंधित मामलों में तेजी लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जय गोविंद सहित संबंधित अधिकारीगण एवं अभियोजन पदाधिकारी उपस्थित रहे।













