जिलाधिकारी ने युवाओं को दिलाई नशामुक्त भारत निर्माण की शपथ, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कानपुर देहात। युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत आज इको पार्क, माती में भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने की तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आमजन को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे होने वाली सामाजिक, आर्थिक तथा स्वास्थ्य संबंधी हानियों को रेखांकित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीतों एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया। कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की परिकल्पना की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण में लगाए, तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करे।
जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के संकल्प एवं जनजागरूकता संदेश के साथ हुआ। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला क्रीड़ा अधिकारी नीलम सिद्दीकी, जिला युवा अधिकारी माय भारत, कानपुर देहात प्रिया तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।











