कानपुर देहात के गजनेर थाना पुलिस ने गृहभेदन कर चोरी की घटना का मात्र 36 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और चेकिंग के दौरान मुक्तापुर-टडवारा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहे प्रदीप उर्फ छोटू (29) निवासी गोगूमऊ को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात कबूल की। उसने बताया कि उसने अपने ही गांव में अपनी दिवंगत भाई की पत्नी के घर की पिछली दीवार काटकर चोरी की थी। घर में महिला के अकेले रहने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी का सामान आपस में बांटने के बाद वह अपने हिस्से का माल लेकर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के कब्जे से पीली व सफेद धातु के आभूषण, नोज पिन, पायल, बिछुए, अंगूठी और 750 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।












