सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
जालौन। कानून व्यवस्था एवं कारागार प्रशासन को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, बैरकों की स्थिति, रसोईघर, चिकित्सालय, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए प्रवेश द्वार, निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों एवं ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की सतर्कता का परीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य, जेलर सहित आदि मौजूद रहे।












