कानपुर देहात – जनता के बीच लगातार पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना, उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में शुक्रवार को अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र के सरवनखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत करचल में आयोजित ग्राम चौपाल में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल से पहले राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने संविलियन विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र करचल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों के बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, मिड-डे मील तथा शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित ग्राम चौपाल में राज्यमंत्री ने ग्रामीणों से ग्राम विकास, जनसुविधाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए। गांव में हाल ही में संचारी रोग के कारण दो बच्चों की हुई दुःखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉ. विशाल भसीन को गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। चौपाल को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि ग्राम चौपाल सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। वहीं बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान हो, प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और हर गांव विकास एवं समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में धर्मेंद्र कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी सरवनखेड़ा वरदान गुप्ता, विमल, पुष्पा देवी, डॉ. विशाल भसीन, अनंत तिवारी, आशीष कुमार, ऋचा सचान, रघुवीर सिंह यादव, संजय पांडेय, उपासना, पुनीत त्रिपाठी सहित अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।














