जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

जालौन – जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचकर नव प्रारंभ हुई सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सहज चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें उपचार के लिए अन्य जनपदों की ओर न जाना पड़े। जिलाधिकारी ने ओपीडी व्यवस्थाओं, पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण तथा मरीजों की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अवगत कराया कि सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी के अंतर्गत सोमवार को एंडोक्राइनोलॉजी (डायबिटीज एवं थायराइड), मंगलवार एवं गुरुवार को न्यूरोलॉजी (मस्तिष्क एवं नसों के रोग), बुधवार को नेफ्रोलॉजी (गुर्दा रोग) तथा शुक्रवार को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (पेट एवं पाचन तंत्र संबंधी रोग) के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के प्रारंभ होने से जालौन सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी तथा गंभीर एवं जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ शहरों की निर्भरता कम होगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को इन सेवाओं की व्यापक जानकारी दी जाए तथा ओपीडी संचालन में सुचारु व्यवस्था बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें