मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, जालौन में लाइव प्रसारण के साथ शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड

 

वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने किया प्रदेशव्यापी शुभारंभ, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोंच की शिक्षिका वंदना राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

जालौन। प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर आज वाराणसी से आयोजित  मुख्यमंत्री  का कार्यक्रम जनपद के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष नटवरलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
वाराणसी से  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति विद्यार्थी 1,200 रुपये की धनराशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय करने के लिए हस्तांतरित की। कार्यक्रम में 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने हेतु भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू का निष्पादन भी किया गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।
जनपद जालौन के लिए यह अवसर विशेष गौरव का रहा, जब कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोंच की शिक्षिका वंदना को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से जनपद के शिक्षकों में उत्साह और गर्व का वातावरण रहा। लाइव प्रसारण के उपरांत विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तर पर भी शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष नटवरलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए लागू की गई यह योजना शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से नई योजनाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना सहित शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें