कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में तथा न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के मार्गदर्शन में आज तहसील अकबरपुर की ग्राम पंचायत मोहाना में ग्राम लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात की सचिव नूपुर श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सचिव ने बताया कि ग्राम लीगल एड क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा छोटे-छोटे दीवानी एवं पारिवारिक विवादों का न्यायालय तक पहुंचने से पूर्व ही आपसी संवाद, समझदारी एवं सहमति के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान कराना है, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी में कमी लाई जा सके और ग्रामीणों को शीघ्र न्याय उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के दौरान नूपुर श्रीवास्तव ने ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए महिलाओं के अधिकारों, उनके साथ होने वाले उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध विधिक सहायता एवं कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी से छोटे-छोटे विवादों का समाधान आपसी समझौते एवं संवाद के माध्यम से करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, सहायक विकास अधिकारी विमल सचान, ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, पुष्पेन्द्र कुमार यादव (लिपिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











