6 वाहनों का चालान, अभियान 15 जुलाई तक रहेगा जारी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने स्कूल प्रबंधकों से सभी अभिलेख अद्यतन रखने की अपील की
कानपुर देहात – जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन तथा परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में संचालित ‘सेफ फ्यूचर अभियान’ के अंतर्गत आज परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि दिनांक 06 जुलाई 2026 को अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों के वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित मानकों एवं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 06 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा एवं बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान 15 जुलाई 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान वाहन के वैध प्रपत्र, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने जनपद के समस्त विद्यालय प्रबंधकों से अनुरोध किया है कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के अभिलेख एवं आवश्यक प्रपत्र पूर्ण एवं अद्यतन कराकर ही उनका संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय संचालकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करें तथा सुरक्षित एवं मानक अनुरूप विद्यालयी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।













