कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कानपुर देहात ने जनपद के समस्त पात्र परिषदीय शिक्षकों से अपील की है कि राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन निर्धारित समयावधि के भीतर अवश्य करें। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संचालित है।
उन्होंने बताया कि पात्र शिक्षक www.prernaup.in पोर्टल के माध्यम से 07 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित थी, जिसे शिक्षकों के हित में बढ़ाकर 07 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद कानपुर देहात से अब तक अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनपद से कुल 06 शिक्षकों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 01 आवेदन अंतिम रूप से सबमिट, 05 आवेदन अभी प्रारंभिक अवस्था में हैं तथा किसी भी आवेदन में आंशिक प्रविष्टि की स्थिति नहीं है।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकास खंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि जनपद से अधिक से अधिक योग्य शिक्षकों के आवेदन समय से पोर्टल पर प्रस्तुत हो सकें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि पात्र शिक्षक निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत नहीं करते हैं तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित स्तर की होगी। अतः सभी पात्र शिक्षक अंतिम तिथि 07 जुलाई 2026 से पूर्व अपना आवेदन पूर्ण कर ऑनलाइन सबमिट करना सुनिश्चित करें।













