प्रथम बारिश में जलमग्न हुआ पुखराया, नगर पालिका की व्यवस्थाओं की खुली पोल

सड़कों पर बना तालाब, घरों में घुसा पानी, घंटों परेशान रहे राहगीर और व्यापारी

पुखराया (कानपुर देहात)। जनपद कानपुर देहात की भोगनीपुर तहसील अंतर्गत नगर पालिका पुखराया में पहली ही बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद नगर पालिका रोड, पटेल चौक मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नालियों का पानी सड़कों पर भर गया और कई स्थानों पर लोगों के घरों एवं दुकानों तक पानी पहुंच गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण वर्षा का पानी निकल नहीं सका। नगर पालिका रोड से पटेल चौक तक सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। जलभराव के चलते राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को घंटों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना भी मुश्किल हो गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर पालिका प्रत्येक वर्ष कागजों में सफाई अभियान चलाने और विकास कार्यों के दावे करती है, लेकिन पहली ही बारिश में सभी दावों की वास्तविकता सामने आ गई। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान में नगर पालिका रोड पर बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है तथा घटिया सामग्री के उपयोग की आशंका है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए तथा जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी भोगनीपुर से हस्तक्षेप कर पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा नगर पालिका की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें