कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रूरा स्थित रामप्रसाद सार्वजनिक इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की मंशानुरूप शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।













