कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पैक्स कम्प्यूटरीकरण, नवगठित सहकारी समितियों के गठन एवं उनकी प्रगति, भंडारण योजना के अंतर्गत गोदाम निर्माण, पैक्स उन्नयन योजना तथा पैक्स सोलराइजेशन सहित अन्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए विभागीय अधिकारी सतत निगरानी रखें तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। साथ ही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं सहकारी समिति के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला परियोजना अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।













