‘एक पेड़ मां के नाम’ का दिया संदेश, ग्रीन चौपाल में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 

वन महोत्सव के तृतीय दिवस पर ग्राम रिनिया में आयोजित ग्रीन चौपाल में वन संरक्षक ने ग्रामीणों से अधिकाधिक वृक्षारोपण की अपील की

जालौन। वन महोत्सव के तृतीय दिवस के अवसर पर जनपद के विकास खंड जालौन अंतर्गत ग्राम रिनिया में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बुंदेलखंड वृत्त, उत्तर प्रदेश झांसी के वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक महावीर कौजालगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, किसानों एवं जनप्रतिनिधियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। ग्रीन चौपाल को संबोधित करते हुए वन संरक्षक महावीर कौजालगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने आसपास किसी भी रिक्त अथवा खाली स्थान का चयन कर इस वर्ष “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और बेहतर भविष्य प्रदान करेगा।उन्होंने ग्रामीणों से पौधारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर भी विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर हरित आवरण को बढ़ाना है। सभी विभागों एवं आमजन की सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल होगा।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार रामेन्द्र सिंह, खंड विकास अधिकारी जालौन प्रशांत कुमार, ग्राम प्रधान रिनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण एवं कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी के संदेश के साथ वृक्षारोपण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प भी लिया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें