कानपुर देहात – ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने अकबरपुर ब्लॉक के ग्राम नरिहा तथा मैथा ब्लॉक के ग्राम जसापुर में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर प्रकाश डाला तथा ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत दोनों गांवों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में संचालित वीबी-जी राम-जी योजना ग्रामीण भारत में श्रम को सम्मान, गरीबों को संबल तथा गांवों के समग्र एवं सतत विकास को नई गति प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना रोजगार, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन एवं पारदर्शी व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्राप्त होगा। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, बउवा पांडेय, संजय सिंह चंदेल, ग्राम प्रधान सरला देवी, आशा देवी, सुनील तिवारी, हरीश राठौर, प्रवीण सिंह, शिवा पांडेय, रामसिंह यादव, हरीओम द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।













