कानपुर देहात में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट्स पर चेतावनी और जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
चौरा बाजार, पटेल चौक, मावर मजार, छतैनी, खोजाफूल, मुडादेव, मदनपुर, जैनपुर, माती तिराहा, लालपुर, आरटीओ कार्यालय, नबीपुर, गौरियापुर, बारा जोड़ टोल और रेड चीफ रनियां समेत कई स्थानों पर ये बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य वाहन चालकों को पहले से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी देना है, ताकि वे निर्धारित गति सीमा में सतर्कता के साथ वाहन चलाएं।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।











