सिकंदरा, कानपुर देहात। राजपुर नगर पंचायत के मदियापुर वार्ड संख्या-10 स्थित अटल नगर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। एक दिन पहले हुई बारिश के बाद क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह कीचड़ से पट गईं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बावजूद क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं अब भी नदारद हैं। हल्की बारिश होते ही जलभराव और कीचड़ की समस्या खड़ी हो जाती है, जिससे राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। खराब सड़क और जलभराव के कारण स्कूल वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सड़क की मरम्मत कराई जाए, नालियों की सफाई कराई जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात











