उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के सफल आयोजन हेतु अपर जिलाधिकारी ने की बैठक।

 

कानपुर देहात में दिनांक 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को कुल 06 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा।

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि जनपद में दिनांक 02 एवं 03 जुलाई 2026 को कुल 06 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में, वही 04 जुलाई को केवल प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 09ः30 बजे से 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02ः30 बजे से 05ः00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा के लिए अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज (मोहम्मदपुर), श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज (पुखरायां), आरपीएस इंटर कॉलेज (रूरा), विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज (पुखरायां) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक पाली में लगभग 2544 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत, पंखे एवं स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ रखी जाएं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नकल रोकने हेतु सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया। सभी केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिन्हें पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। परिवहन एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखा जाए तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन हेतु पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा को बाधित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण सतर्कता के साथ परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।बैठक में सभी संबंधित को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों से विस्तृत रूप में अवगत कराया गया। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चैधरी सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापक, सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें