कानपुर देहात। जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर देहात द्वारा जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत, माध्यमिक एवं स्ववित्त पोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 हेतु पात्र शिक्षकों के अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अंतर्गत पात्र शिक्षक भारत सरकार के पोर्टल https://nationalawardstoteachers.education.gov.in पर 15 जून, 2026 से 10 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकते हैं। स्व- नामांकन/ आवेदन पत्र समिट करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 है। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की है कि पात्र शिक्षकों को निर्धारित समयावधि में आवेदन कराने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अधिक से अधिक योग्य शिक्षकों के आवेदन सुनिश्चित कराएं। साथ ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सक्षम अधिकारी द्वारा आवश्यक सत्यापन एवं अग्रसारण की कार्यवाही भी समयबद्ध रूप से संपन्न कराई जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उत्कृष्ट शिक्षकों के नवाचार, समर्पण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अतः जनपद के पात्र शिक्षक इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय से अपना आवेदन अवश्य करें।













