भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत: चमारी टोल प्लाजा पर बांटा गया रूह अफ़ज़ा शर्बत

 

कालपी (जालौन)। भीषण गर्मी और प्रचंड लू के बीच कालपी क्षेत्र स्थित चमारी टोल प्लाजा पर सोमवार को मानवता और सेवा का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। टोल प्रबंधन द्वारा हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों एवं यात्रियों के लिए निःशुल्क शीतल पेयजल एवं रूह अफ़ज़ा शरबत वितरण शिविर आयोजित किया गया।
चिलचिलाती धूप में सफर कर रहे ट्रक, बस, कार और अन्य वाहनों में सवार यात्रियों को रोककर ठंडा पानी एवं रूह अफ़ज़ा शरबत पिलाया गया। अचानक मिली इस राहत से यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने टोल प्रबंधन के इस सेवा भाव की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस सेवा अभियान का नेतृत्व प्रबंधक इंगलेश शर्मा ने किया। उनके साथ शिफ्ट इंचार्ज सागर सिंह, सत्यम द्विवेदी, रोहित सिंह (आईटी विभाग) सहित टोल प्लाजा के समस्त कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ राहगीरों की सेवा की। टीम के सभी सदस्यों ने लगातार कई घंटों तक आने-जाने वाले यात्रियों को शीतल जल एवं शरबत उपलब्ध कराया।
यात्रियों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में हाईवे पर इस प्रकार की व्यवस्था न केवल राहत देने वाली है, बल्कि मानवता की सच्ची मिसाल भी है। उन्होंने टोल प्रबंधन के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।
टोल प्रबंधन ने बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत यह सेवा अभियान आयोजित किया गया है और भविष्य में भी मौसम एवं आवश्यकता के अनुसार ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे।
इस पहल ने यह संदेश दिया कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की भावना से किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी लोगों को बड़ी राहत और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं।

आर० एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें