जालौन को मिली आधुनिक तरणताल की सौगात, आज से शुरू होगी तैराकी की सुविधा

 

जिलाधिकारी ने किया अंतिम निरीक्षण, सभी तैयारियां मिलीं संतोषजनक, खिलाड़ियों और युवाओं के लिए खुलेगा इंदिरा स्टेडियम का नवीनीकृत स्विमिंग पूल

जालौन मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम का अत्याधुनिक तरणताल अब पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को तरणताल का अंतिम स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां संतोषजनक पाए जाने पर आज से शुभारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तरणताल की सुरक्षा व्यवस्था, जल गुणवत्ता, फिल्ट्रेशन सिस्टम, चेंजिंग रूम, शौचालय, पाथवे, शेड, बाउंड्रीवाल, टाइल्स, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचालन के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा मानकों और नियमित रखरखाव में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, ताकि खिलाड़ियों एवं आमजन को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं निरंतर उपलब्ध होती रहें।
मा० जल शक्ति मंत्री की निधि से कराए गए व्यापक जीर्णोद्धार कार्यों के बाद तरणताल आधुनिक स्वरूप में तैयार हुआ है। परिसर में आकर्षक सौंदर्यीकरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इससे जनपद के तैराकों को अब स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण अभ्यास एवं प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इंदिरा स्टेडियम का नवीनीकृत तरणताल न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई उड़ान देगा, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर जनपद को खेल गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। आज से तरणताल के शुभारंभ के साथ जनपद के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं को एक ऐसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी, जिसकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। यह परियोजना निश्चित रूप से जालौन में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान करेगी।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, आरईएस के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें