निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को लगाई कड़ी फटकार, बारिश से पहले हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश
जालौन में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेने के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने एट–कोटरा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख माध्यम है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब क्षम्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में अतिरिक्त संसाधन एवं मानवबल लगाकर निर्माण की गति तत्काल बढ़ाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून की तीव्र वर्षा शुरू होने से पहले हर हाल में एट–कोटरा मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए, ताकि बरसात के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्य की दैनिक निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरे कराए जाएं, जिससे आमजन को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।













