कानपुर देहात। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की प्रभावशीलता के संबंध में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और सतत अभियान चलाकर आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।













