कानपुर देहात जनपद लखनऊ में एक निजी कोचिंग सेंटर में घटित दुःखद घटना के दृष्टिगत जनपद कानपुर देहात में संचालित समस्त कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा, मानकों एवं वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच हेतु जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसीलवार संयुक्त जांच टीमों का गठन किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस, अग्निशमन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित करते हुए जांच दल गठित किए गए हैं। यह टीमें जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा उपलब्ध कराई गई कोचिंग सेंटरों की सूची के आधार पर जनपद में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी।
जांच के दौरान शासन द्वारा निर्धारित मानकों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्नि सुरक्षा उपायों, भवन संबंधी अनुमतियों तथा संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित कोचिंग संस्थान सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से संचालित हैं अथवा नहीं। यदि कोई कोचिंग संस्थान निर्धारित प्रक्रिया एवं अनुमति के बिना संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया है कि जनपद में संचालित समस्त कोचिंग सेंटरों की सूची, शासन द्वारा जारी एसओपी (SoP) एवं संबंधित शासनादेशों की प्रतियां दिनांक 23 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे तक संबंधित उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अतिरिक्त गठित जांच टीमों के पर्यवेक्षण हेतु अपर जिलाधिकारियों को भी नामित किया गया है, जो संबंधित तहसीलों में जांच कार्य की निगरानी करेंगे। सभी जांच दलों को निर्देशित किया गया है कि वे 23 जून 2026 की सायंकाल तक संयुक्त जांच पूर्ण कर अपनी आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कोचिंग संस्थानों में शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा एवं संचालन संबंधी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।













