कानपुर देहात – सदस्या, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग, लखनऊ, नीरज गौतम द्वारा जनपद कानपुर देहात के रनिया स्थित वृद्ध आश्रम एवं जिला कारागार का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संस्थानों में निवासरत एवं निरुद्ध व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
रनिया स्थित वृद्ध आश्रम के निरीक्षण के दौरान सदस्या ने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वृद्धजनों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, आवासीय व्यवस्था तथा मनोरंजन संबंधी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों की देखभाल संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुनिश्चित की जाए तथा उनकी आवश्यकताओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इसके उपरांत सदस्या ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरकों, चिकित्सालय, भोजनालय, स्वच्छता व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कारागार में निरुद्ध बंदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सदस्या ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित व्यक्तियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं अधिकार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सदस्या ने व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा अधिकारियों को शासन की मंशानुरूप कार्य करने के निर्देश प्रदान किए। इस मौके पर संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।













