भीषण गर्मी से कानपुर बेहाल, तापमान में उछाल; मानसून का इंतजार

 

कानपुर। शहर में एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार सुबह से आसमान साफ रहने और हवाओं के लगभग थम जाने के कारण तेज धूप का असर पूरे दिन देखने को मिला। दोपहर होते-होते सूरज के तेवर और तीखे हो गए, जिससे सड़कों पर निकलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बच्चे, महिलाएं और कामकाजी लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण शहर की कई सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही दिखाई दी। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लोग छांव की तलाश करते नजर आए। गर्मी से बचाव के लिए अधिकांश लोग गमछा, दुपट्टा और मास्क से चेहरा ढककर घरों से बाहर निकले।

भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने शहर के कई स्थानों पर शीतल पेयजल और शरबत वितरण की व्यवस्था की। राहगीरों ने इन केंद्रों पर पहुंचकर प्यास बुझाई और गर्मी से कुछ राहत महसूस की।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार अगले 24 घंटों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पछुआ हवाएं गर्मी को और बढ़ा सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में मानसून की दस्तक के बाद लोगों को राहत मिल सकती है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें