उमरैण (औरैया)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एरवा कटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पुल से लगभग 200 मीटर दूर सर्विस रोड पर स्थित ज्वाला देवी मंदिर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक रेलवे क्लर्क की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
बीमार पिता की देखभाल करने आए थे घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय जितेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के तरया रामनगर गांव के रहने वाले थे। जितेंद्र मध्य प्रदेश के भिंड रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि जितेंद्र शनिवार को ही अपने बीमार पिता की देखभाल करने और उनसे मिलने के लिए अपने गांव आए हुए थे।
बहनोई के मकान निर्माण कार्य में शामिल होने जा रहे थे
रविवार दोपहर करीब 2 बजे जितेंद्र अपनी बाइक से उमरैन निवासी अपने बहनोई शिवकांत सक्सेना के मकान के निर्माण कार्य में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ज्वाला देवी मंदिर के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
परिजनों में कोहराम, घायल सैफई रेफर
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एरवा कटरा ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जितेंद्र प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के भाई पुष्पेंद्र कुमार और अन्य परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
वहीं, दूसरी बाइक चला रहा युवक रोहित कुमार (29) गंभीर रूप से घायल हुआ है। रोहित इटावा जिले के उसराहार थाना क्षेत्र के ताखा गांव निवासी रामकिशोर का पुत्र है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रोहित की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
थाना प्रभारी का बयान
एरवा कटरा थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि घायल रोहित कुमार को बेहतर इलाज के लिए सैफई अस्पताल भिजवा दिया गया है। वहीं, मृतक जितेंद्र के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।













