मंगलपुर, कानपुर देहात | पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से मिली सूचना पर थाना मंगलपुर पुलिस और एएचटीयू यानी Anti-Human Trafficking Unit की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी को रुकवाया और लड़की को सुरक्षित बचा लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना मंगलपुर क्षेत्र के ग्राम चमरुआ तेरा में एक नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना मंगलपुर पुलिस बल, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर दीपक कुमार, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक निधि सचान और एएचटीयू थाना प्रभारी रीना गौतम की संयुक्त टीम तुरंत ग्राम चमरुआ तेरा पहुंची। टीम ने मौके पर देखा कि बेचेलाल उर्फ राजकुमार निवासी चमरुआ तेरा थाना मंगलपुर अपनी 15 वर्ष 5 माह की नाबालिग पुत्री का विवाह मोहित पुत्र बेचेलाल निवासी ग्राम हेरमानी, समथर थाना ऊसराहार जनपद इटावा के साथ कराने की तैयारी कर रहे थे। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर विवाह को तत्काल रुकवा दिया। शादी रुकवाने के बाद नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। लड़की को आवश्यक विधिक और परामर्श कार्यवाही के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर दीपक कुमार, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक निधि सचान और एएचटीयू थाना प्रभारी रीना गौतम के सुपुर्द किया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर दीपक कुमार की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। SP श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि जनपद में बाल विवाह रोकने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। अगर किसी को भी नाबालिग की शादी की जानकारी मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गांव में बाल विवाह की कुप्रथा पर रोक लगी और एक बच्ची का भविष्य बर्बाद होने से बच गया।











