कानपुर देहात। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठकों का आयोजन किया गया।
बैठकों में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, डिजिटल वॉलेंटियर्स एवं गणमान्य लोगों के साथ संवाद स्थापित कर मोहर्रम जुलूसों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार को परंपरागत तरीके से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों पर सोशल मीडिया सेल की कड़ी निगरानी रहेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और उसे आगे साझा न करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा आमजन से अपील की गई कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन नंबरों पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में शामिल सभी गणमान्य नागरिकों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।












