मोदी-योगी सरकार की योजनाओं से बदली नगर पंचायतों की तस्वीर : प्रतिभा शुक्ला

 

कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को नगर पंचायत रनिया के वार्ड संख्या 11 सुभाष नगर चिराना में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित विषयों के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चौपाल के दौरान जनप्रतिनिधियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों के अनुभव भी सुने। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। वार्ड निवासी धर्मेंद्र पासवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जबकि अब पात्रता के आधार पर बिना किसी भेदभाव के लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इससे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी सहायता पहुंच रही है। इसी प्रकार वार्ड की सुनीता ने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पहले उन्हें लकड़ी और उपलों के सहारे भोजन बनाना पड़ता था, जिससे समय के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी होती थीं। लेकिन उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने के बाद उनका जीवन काफी आसान हो गया है तथा परिवार के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। इस अवसर पर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित 12 सफल वर्ष पूर्ण किए हैं। इन वर्षों में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, जनकल्याणकारी योजनाओं और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक नागरिक इस परिवर्तन का सहभागी बन रहा है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के नए अध्याय लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। वहीं उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, कानून व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, महिला सुरक्षा और निवेश को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्य प्रदेश को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न समस्याओं व सुझावों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष बिटान दिवाकर, सभासद शीलू मिश्रा, संजय पांडेय, सोनू मिश्रा, पम्मी सिंह, मनीष राय, जगदीश अवस्थी, राजेश तिवारी, दुष्यंत शुक्ला, नितिन कुशवाहा, रामकिशोर दिवाकर, शैलेन्द्र सिंह, पिंटू प्रजापति, गुड्डू दिवाकर, धर्मेंद्र पासवान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें